टी.बी.सप्ताह :- नुक्कड़ नाटक से गूंजी जागरूकता की आवाज़।

रमेश मित्तल संपादक नवभारत news 24 छग.
दल्लीराजहरा। विश्व टी.बी. दिवस (24 मार्च) के उपलक्ष्य में शहीद अस्पताल, दल्लीराजहरा द्वारा इस सप्ताह एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस बार अभियान को और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए नुक्कड़ नाटक का सहारा लिया गया है, जो ग्रामीण जनता तक सीधे और सरल तरीके से संदेश पहुँचाने का एक अनूठा माध्यम है।
यह नुक्कड़ नाटक शहीद अस्पताल के चिकित्सक डॉ. वेद द्वारा तैयार किया गया है और ट्रेनिंग सिस्टर द्वारा इसे कुशलतापूर्वक प्रस्तुत किया जा रहा है। नाटक के माध्यम से टी.बी. के लक्षण, उसके इलाज और बचाव की जानकारी को आम बोलचाल की भाषा में दर्शाया जा रहा है, जिससे ग्रामीण दर्शकों पर गहरा प्रभाव पड़ रहा है।
इसके अतिरिक्त कांतिलाल, जग्गुराम, शैलेश बम्बोड़े धनीराम और ज्वेल साहा द्वारा टी.बी. से संबंधित अन्य आवश्यक जानकारियाँ ग्रामीणों को दी गई हैं।
अभियान के तहत 18 मार्च को ग्राम रजही, 19 मार्च को भररीटोला, 20 मार्च को काकरेल और 21 मार्च को जुनवानी में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए गए।
गौरतलब है कि शहीद अस्पताल वर्षों से “मेहनतकशों के स्वास्थ्य के लिए मेहनतकशों का अपना कार्यक्रम” को निरंतर संचालित करती आ रही है। साथ ही शासन द्वारा चलाई जाने वाली सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं में भी अस्पताल अपनी सक्रिय भागीदारी निभाती है और उन्हें सफल बनाने में हमेशा अग्रणी भूमिका अदा करती है।



