छत्तीसगढ़दल्लीराजहराविविध ख़बरें

इंटरनेशनल वुमन’स डे –“एक शाम मां के नाम” जरूरतमंद माताओं और सफाई मित्र बहनों को सम्मान।

रमेश मित्तल संपादक नवभारत news 24 छग.

दल्लीराजहरा।अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के पावन अवसर पर दल्ली मॉडर्न आर्ट क्लब (D-MAC) द्वारा आयोजित कार्यक्रम “एक शाम मां के नाम” भावनाओं, सेवा और सम्मान से भरा एक यादगार सामाजिक आयोजन रहा। संस्था पिछले लगातार 8 वर्षों से महिला दिवस के अवसर पर समाज सेवा के कार्य करते हुए महिलाओं के सम्मान और सहयोग के लिए प्रयासरत है।
इस वर्ष भी संस्था द्वारा दल्ली राजहरा की जरूरतमंद माताओं और बहनों को एक सम्मानजनक शाम देने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में लगभग 50 जरूरतमंद माताओं को ससम्मान भोजन कराया गया। भोजन के पश्चात उन्हें उपयोगी बर्तन सेट – थाली, गिलास, कटोरी, चम्मच आदि भेंट स्वरूप दिए गए, ताकि यह छोटी-सी भेंट उनके दैनिक जीवन में काम आ सके।
इसी अवसर पर नगर पंचायत चिखला-कसा, दल्ली राजहरा की सफाई मित्र दीदियों को, जो हर दिन शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देती हैं, साड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके परिश्रम और सेवा के प्रति कृतज्ञता का एक छोटा सा प्रतीक था।
कार्यक्रम के दौरान सेवा सरिता संस्था को भी एक पूरा राशन पैकेट भेंट किया गया, ताकि आने वाले समय में उससे भोजन बनाकर जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जा सके।
दल्ली मॉडर्न आर्ट क्लब पिछले कई वर्षों से समाज सेवा के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी कार्य कर रहा है। हर वर्ष महिला दिवस के अवसर पर डॉक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता, खिलाड़ी, 10वीं-12वीं के टॉपर विद्यार्थी, संगीत, नृत्य और योग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाता है, ताकि उनका उत्साहवर्धन हो और वे आगे बढ़कर दल्ली राजहरा का नाम रोशन करें।
संस्था द्वारा यह भी प्रयास किया जाता है कि सभी धर्मों और सभी समाजों के पर्व-त्योहारों को सम्मान के साथ मनाया जाए, जिससे दल्ली राजहरा में भाईचारा और एकता का संदेश पूरे जिले में फैले।
इस कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि दल्ली मॉडर्न आर्ट क्लब (D-MAC) की सभी महिला सदस्यों ने स्वयं अपने हाथों से माताओं को भोजन परोसा, उन्हें फल वितरित किए और स्नेह के साथ सम्मानित किया। सभी बहनों ने तन, मन और धन से सहयोग देकर इस सेवा कार्य को सफल बनाया।
संस्था के विजय बोरकर और मिलन ने बताया कि दल्ली मॉडर्न आर्ट क्लब आगे भी इसी तरह समाज सेवा के कार्य बड़े स्तर पर करता रहेगा। उन्होंने कहा कि अगर शहरवासियों का इसी तरह प्यार और आशीर्वाद मिलता रहा तो भविष्य में और भी बड़े स्तर पर जरूरतमंद लोगों की मदद की जाएगी।
इस सफल आयोजन का पूरा श्रेय डी-मैक संस्था की सभी माताओं, बहनों और महिला सदस्यों को जाता है, जिनके समर्पण, सेवा भावना और सहयोग से यह कार्यक्रम एक भावुक और प्रेरणादायक याद बन गया।

Ramesh Mittal

Chief Editor, navabharatnews24.com

Related Articles

Back to top button