दल्लीराजहरा में जीएसटी के नए नियमों पर हुआ बड़ा मंथन, व्यापारियों को मिली विशेषज्ञों से सीधी जानकारी।

रमेश मित्तल चीफ एडिटर नवभारत news 24 छग.
दल्लीराजहरा के व्यापारियों को जीएसटी के नवीनतम प्रावधानों, रिटर्न फाइलिंग, कर अनुपालन और बदलते नियमों की सटीक जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 28 जुलाई को दल्लीराजहरा में एक विशेष जीएसटी सेमिनार का आयोजन किया गया। यह आयोजन छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री दल्लीराजहरा इकाई, अनाज किराना व्यापारी संघ एवं राजहरा व्यापारी संघ के संयुक्त तत्वावधान में पूज्य सिंधु भवन में आयोजित हुआ।
सेमिनार में जीएसटी विभाग के श्री प्रभात सोनी जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे, विशेष अतिथि श्रीमती तरन्नुम अली जी, मुख्य वक्ता के रूप में सीए श्री चेतन तरवानी जी उपस्थित थे साथ ही जीएसटी विभाग से श्री धनंजय तिवारी एवं श्री कामेश्वर देव जी उपस्थित थे।
आयोजन का उद्देश्य व्यापारियों को समय-समय पर होने वाले कानूनी बदलावों से अवगत कराकर उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार की कर संबंधी परेशानी से बचाना है।
व्यापारियों के लिए सुनहरा अवसर : *अमित कुकरेजा*
छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, दल्लीराजहरा इकाई के अध्यक्ष अमित कुकरेजा ने कहा कि वर्तमान समय में जीएसटी कानूनों में लगातार बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यापारी के लिए इन परिवर्तनों की सही जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह सेमिनार केवल जानकारी देने का मंच नहीं, बल्कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान का भी अवसर होगा। व्यापारियों ने उत्साह से सीधे विशेषज्ञों से संवाद किया और अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया।
जीएसटी की सही जानकारी से व्यापार होगा सुरक्षित अमित कुकरेजा ने कहा कि जानकारी के अभाव में कई व्यापारी अनजाने में त्रुटियां कर बैठते हैं, जिससे आर्थिक नुकसान और कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि चैंबर ऑफ कॉमर्स का प्रयास है कि दल्लीराजहरा का प्रत्येक व्यापारी कर नियमों के प्रति जागरूक बने और बिना किसी परेशानी के अपना व्यापार संचालित कर सके।
सी.ए श्री चेतन तारवानी ने कहा कि “जीएसटी कानून लगातार अपडेट हो रहे हैं। ऐसे में व्यापारियों के लिए सही और अद्यतन जानकारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने व्यापारियों को उनके अधिकारों से भी अवगत कराया, और धारा 71,67,125, ई वे बिल पर भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने इनकम टैक्स पर भी बहुत सी जानकारियां दी, साथ ही उनमें हुए बदलाव के बारे में भी बताया। कौन कौन व्यापारी टैक्स के दायरे में आते है एवं किन व्यापारियों के लिए ऑडिट जरूरी है।
जीएसटी विभाग के श्री प्रभात सोनी ने कहा कि “विभाग का उद्देश्य व्यापारियों को दंडित करना नहीं, बल्कि उन्हें जागरूक बनाना है। यदि व्यापारी समय पर सही जानकारी प्राप्त कर नियमों का पालन करें तो अनावश्यक विवाद और नोटिस जैसी स्थितियों से आसानी से बचा जा सकता है।”
सेमिनार में डौंडी, कुसुमकसा, बालोद एवं आस पास क्षेत्र के व्यापारीगण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन राज कुमार सोनी ने किया, स्वागत भाषण अनाज किराना संग के अध्यक्ष कैलाश छाजेड़ ने एवं आभार कुशल कथूरिया ने। इस कार्यक्रम में राजहरा व्यापारी संग के अध्यक्ष गोविंद वाधवानी,शंकर कुकरेजा, तिलोक चंद जैन, मोहन छाजेड़, झूमरलाल छाजेड़, गुलाब कुकरेजा,तरुण खटवानी, राजू लखानी,सुरेश जायसवाल,रमेश जायसवाल,संजय बेस, आलोक गुप्ता, मांगीलाल जैन, दिनेश जैन, महावीर चोपड़ा,अमित जायसवाल, राजेश पटेल,शेखर गुप्त, नवदीप गुप्ता एवं बड़ी संख्या में चैंबर, राजहरा व्यापारी संग एवं अनाज किराना व्यापारी संग के सदस्यगण मौजूद थे।



