छत्तीसगढ़दल्लीराजहराविविध ख़बरें

रेलवे इंस्टिट्यूट दल्ली राजहरा में 340 बच्चों को मिल रहा निशुल्क समर कैंप का लाभ।

रमेश मित्तल चीफ एडिटर नवभारत news 24 छग.

दल्ली राजहरा/ गर्मियों की छुट्टियों में बच्चों को मोबाइल और टीवी से दूर कर खेल की ओर मोड़ने के उद्देश्य से रेलवे इंस्टिट्यूट दल्ली राजहरा में 1 से 30 मई 2026 तक समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। आज कैंप का 15 वां दिन है और इसमें 340 बच्चे निशुल्क प्रशिक्षण ले रहे हैं। आयोजकों के अनुसार दिन-प्रतिदिन बच्चों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है।

कैंप के मुख्य कोच और रेलवे इंस्टिट्यूट के सहायक सचिव एडवर्ड स्टीफन ने बताया कि इस समर कैंप का उद्देश्य बच्चों का शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास करने के साथ-साथ खेलों के प्रति उनकी रुचि को बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि छुट्टियों में बच्चे पढ़ाई से तो दूर होते ही हैं, साथ ही समय का अधिकतर हिस्सा मोबाइल, टीवी और नींद में बर्बाद कर देते हैं। संसाधन और जगह की कमी के कारण बच्चे खेलों से दूर होते जा रहे हैं। इसी को देखते हुए रेलवे इंस्टिट्यूट ने निशुल्क प्रशिक्षण की व्यवस्था की है।

प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे बच्चों को बुलाकर एक घंटे तक फिजिकल एक्सरसाइज और दौड़ कराई जाती है। इसके बाद बच्चे अपनी रुचि के अनुसार फुटबॉल, कबड्डी और अन्य फिजिकल गेम्स का अभ्यास करते हैं। सभी खेलों के लिए अलग-अलग प्रशिक्षक निशुल्क सेवा दे रहे हैं।

आज नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू और वार्ड 26 की पार्षद टी. ज्योति ने कैंप पहुंचकर बच्चों का हौसला बढ़ाया। आयोजक समिति ने दोनों अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस अवसर पर समाजसेवी तरुण चंद्रा और सुजीत झा भी मौजूद रहे, जिनका भी स्वागत किया गया।

मुख्य अतिथि तोरण लाल साहू ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले चार सालों से रेलवे इंस्टिट्यूट बच्चों को उनकी रुचि के अनुसार खेल का प्रशिक्षण दे रहा है। यह प्रयास बच्चों को आगे बढ़ाने के साथ-साथ उनके शारीरिक विकास के लिए भी बेहद जरूरी है। उन्होंने रेलवे इंस्टिट्यूट और अधिकारियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि पहले स्कूलों में जबरन खेल सिखाए जाते थे, लेकिन अब बच्चे बिना किसी दबाव के अपनी पसंद के खेल सीख रहे हैं। पार्षद और कोचों के अनुरोध पर उन्होंने ग्राउंड को बड़ा करने के लिए अधिकारियों से बात करने की बात भी कही, ताकि बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

पार्षद टी. ज्योति ने कहा कि यह कैंप रेलवे बीआरएम सर के निर्देश पर आयोजित किया जा रहा है और सभी सुविधाएं रेलवे की ओर से निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने प्रशिक्षकों और आयोजकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए यह एक बड़ी पहल है।

आज कैंप में आए सभी 340 बच्चों के लिए नाश्ते की व्यवस्था समाजसेवी तरुण चंद्रा ने की। उन्होंने बच्चों को बिस्कुट, केला और फल वितरित किए। आयोजकों ने बताया कि संस्थान की ओर से बच्चों को नियमित रूप से गुड़-चना, दूध और बिस्कुट भी दिए जाते हैं। किसी बच्चे का जन्मदिन होने पर परिवार के सहयोग से यहां उसका उत्सव भी मनाया जाता है।

बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए हर सप्ताह अनुशासित और लगनशील एक लड़के और एक लड़की को टोपी देकर सम्मानित किया जाता है। इसी क्रम में आज लड़कियों में प्राप्ति जायसवाल और लड़कों में अनिश भोयर को टोपी देकर सम्मानित किया गया।

आयोजकों का कहना है कि रेलवे इंस्टिट्यूट द्वारा चलाया जा रहा यह निशुल्क समर कैंप बच्चों के बौद्धिक और शारीरिक विकास के लिए मील का पत्थर साबित हो रहा है। सात दिन पहले जहां बच्चों की संख्या 280 थी, वह अब बढ़कर 340 तक पहुंच गई है।
इंस्टिट्यूट के द्वारा जो बच्चे सही समय पर आते हैं पूरी लगन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं और अनुशासित रहते हैं उनको प्रोत्साहित करने के लिए प्रत्येक सप्ताह एक लड़का एक लड़की को टोपी देकर सम्मानित किया जाता है । उसी क्रम में आज लड़कियों में प्राप्ति जायसवाल एवं लड़कों में अनिश भोयर को टोपी देकर सम्मानित किया गया ।

Ramesh Mittal

Chief Editor, navabharatnews24.com

Related Articles

Back to top button