पार्षद टी ज्योति ने रेलवे कॉलोनी के लंबित विकास कार्य शीघ्र पूरा करने रेलवे महाप्रबंधक से की मांग।

रमेश मित्तल चीफ एडिटर नवभारत news 24 छग.
दल्लीराजहरा, 26 जून। वार्ड क्रमांक 26 स्थित रेलवे कॉलोनी में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को लेकर पार्षद टी ज्योति ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर जोन के महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि रेलवे कॉलोनी में कई आवश्यक विकास कार्य लंबे समय से अधूरे पड़े हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों को प्रतिदिन विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जनहित एवं नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया गया है।
ज्ञापन में रेलवे क्रिकेट ग्राउंड की बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने, रेलवे कॉलोनी की अधूरी सड़क का निर्माण पूरा करने, आरपीएफ बैरक के पीछे लगे कांटेदार तार को हटाने तथा दुर्गा मंदिर के पीछे क्षेत्र से नागरिकों के सुगम आवागमन के लिए मार्ग उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
पार्षद टी ज्योति ने कहा कि इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से रेलवे कॉलोनी के नागरिकों को राहत मिलेगी तथा क्षेत्र में सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने रेलवे प्रशासन से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है।



