भाजपा नेता जयदीप गुप्ता ने बालोद जिले में आपातकालीन सेवा 112 पुलिस वाहन की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन।

रमेश मित्तल संपादक नवभारत news 24 छग.
बालोद। बालोद जिले में पुलिस विभाग की 112 आपातकालीन सेवा की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर भाजपा नेता जयदीप गुप्ता ने मुख्यमंत्री के निज सचिव तुलसी कौशिक को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन के माध्यम से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मांग की गई कि जिला बालोद में पुलिस विभाग की 112 आपातकालीन सेवा का वाहन उपलब्ध कराया जाए, जिससे आम नागरिकों को समय पर पुलिस सहायता मिल सके।
भाजपा नेता जयदीप गुप्ता द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि 112 आपातकालीन सेवा आम नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता प्रदान करने के लिए एक महत्वपूर्ण व्यवस्था है। छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में इस सेवा के अंतर्गत पुलिस वाहन उपलब्ध हैं, जिससे दुर्घटना, विवाद, अपराध अथवा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त हो जाती है।
लेकिन जिला बालोद में इस सुविधा का अभाव होने के कारण आम नागरिकों को आपातकालीन स्थिति में पुलिस सहायता प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार गंभीर परिस्थितियों में समय पर पुलिस सहायता नहीं मिल पाने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया है कि जनहित और नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला बालोद में भी पुलिस विभाग की 112 आपातकालीन सेवा का वाहन शीघ्र उपलब्ध कराया जाए, ताकि आम जनता को त्वरित और बेहतर पुलिस सहायता मिल सके।



