15 दिवसीय समर कैंप 2026 का भव्य समापन — टॉपर विद्यार्थियों और नन्हे कलाकारों का हुआ सम्मान।

रमेश मित्तल चीफ एडिटर नवभारत news 24 छग.
दल्लीराजहरा। दल्ली मॉडर्न आर्ट क्लब (D-MAC) द्वारा आयोजित 15 दिवसीय “समर कैंप 2026” का भव्य समापन समारोह 17 मई को उत्साह और रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा, कला और आत्मविश्वास ने उपस्थित सैकड़ों लोगों का मन मोह लिया।
समापन समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विभिन्न स्कूलों के उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं सम्मान देकर प्रोत्साहित किया गया। संस्था द्वारा सम्मानित विद्यार्थियों में —
सुमन वर्मा (98% – 10वीं, DAV स्कूल),
शुभोश्री आचार्जी (98% – 10वीं, DAV स्कूल),
श्रेयांश गुप्ता (95.6% – 10वीं, निर्मला स्कूल),
मानस अग्रवाल (93.2% – 12वीं, DAV स्कूल),
समृद्धि कसार (91.2% – 12वीं, निर्मला स्कूल),
पायल वर्मा (91% – 10वीं, आत्मानंद स्कूल),
अदिति पासवान (86.2% – 12वींआत्मानंद स्कूल ),
यमन कुमार देवांगन (83% – 10वीं, लिटिल बर्ड अकादमी)
को “2026 टॉपर अवार्ड” से सम्मानित किया गया। संस्था ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ये बच्चे आगे चलकर दल्ली राजहरा, जिला और राज्य का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम में समर कैंप के प्रशिक्षक सारिका, भूमिका, लीसा, प्रिया, सिरी, मिलन, महेश एवं हेमंत की विशेष भूमिका रही, जिन्होंने बच्चों को विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया।
लगभग 6 वर्षों से D-MAC संस्था बच्चों को समर कैंप के माध्यम से वैदिक गणित, आर्ट एंड क्राफ्ट, म्यूजिक, डांस, मेहंदी, रंगोली, स्पोकन इंग्लिश, कैलिग्राफी, कर्सिव राइटिंग, माइंड गेम्स जैसी रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दे रही है। संस्था का मुख्य उद्देश्य बच्चों को मोबाइल और सोशल मीडिया की दुनिया से निकालकर उनकी रचनात्मक, बौद्धिक और कलात्मक प्रतिभा को निखारना है, ताकि बच्चे खेलकूद और पढ़ाई के साथ-साथ नई-नई क्रिएटिव चीजें सीख सकें।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। साथ ही हाल ही में दल्ली राजहरा में पाइपलाइन कार्य के दौरान मृत हुए तीन मजदूरों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवारों के लिए प्रार्थना की गई। इसके पश्चात राज्य गीत “अरपा पैरी के धार” के साथ कार्यक्रम आगे बढ़ा।
नन्हे बच्चों ने मंच संचालन से लेकर डांस, ग्रुप सॉन्ग, इंग्लिश सॉन्ग, कृष्णा स्टोरी आधारित प्रस्तुतियों और कला प्रदर्शनी के माध्यम से अपने आत्मविश्वास और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। 3 साल से छोटे बच्चों तक ने मंच पर बेहतरीन प्रस्तुति देकर सभी का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू, मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू, जयदीप गुप्ता, राजकुमार साहू, एम.एस. श्रीजीत एवं आदित्य उपस्थित रहे।
संस्था के डायरेक्टर विजय बोरकर ने कहा कि दल्ली राजहरा जैसे छोटे शहर में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यदि बच्चों को सही मंच और अवसर मिले तो वे जिले, राज्य और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू ने संस्था की सराहना करते हुए कहा कि D-MAC बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार सराहनीय कार्य कर रहा है और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के लिए नगर पालिका एवं BSP का सहयोग मिलता रहेगा।
समारोह में उपस्थित सैकड़ों लोगों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कार्यक्रम की भरपूर प्रशंसा की। सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास और कला के प्रति रुचि बढ़ाने का कार्य D-MAC संस्था लगातार कर रही है, जिसकी नगर में खूब सराहना हो रही है।



